नालंदा । बिहार के नालंदा जिले में एक विवाहोत्सव में विचित्र घटना ने लोगों को चकित कर दिया। यहां प्रेमिका की शादी होते देख प्रेमी युवक बौखला गया और स्टेज पर चढ़कर सबके सामने ही दुल्हन के गले में वरमाला डाल दी। सनकी युवक ने दुल्हन की मांग में सिंदूर डालने की भी कोशिश की। स्टेज पर मौजूद दूल्हा यह सब देखकर दंग रह गया। समारोह में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दुल्हन के परिजनों ने युवक की जमकर धुनाई कर दी। इस घटना के बाद दूल्हे ने शादी से ही इनकार कर दिया। दूल्हे के रवैये से लड़की पक्ष के लोग और भी परेशान हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला हरनौत थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। बताया जाता है कि मुबारकपुर गांव निवासी मुकेश पिछले एक साल से गांव के ही एक लड़की से प्यार करता था। जैसे ही इस बात की जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो उन्होंने युवती की शादी कहीं और तय कर दी। मंगलवार की रात लड़की की बारात आई थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था तभी अचानक से जयमाला के वक्त सनकी प्रेमी मुकेश हाथ में माला और सिंदूर लेकर स्टेज पर चढ़ गया और दुल्हन बनी प्रेमिका को वरमाला पहना दी। मुकेश ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने की भी कोशिश करने लगा था। वहां मौजूद लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
इस घटनाक्रम के बाद दूल्हा दुल्हन को लिए बिना ही वापस लौट गया। दूल्हा पक्ष के वापस लौटने से दुल्हन पक्ष के लोग और भी आक्रोशित हो गए और सनकी प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी। फिलहाल उसे घायल अवस्था में बिहारशरीफ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की हर तरफ चर्चा हो रही है।
सनकी प्रेमी मुकेश ने बताया कि गांव की ही एक लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसका दावा है कि दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं। इसके बावजूद लड़की पक्ष के घरवालों ने उसकी प्रेमिका की जबरन दूसरी जगह शादी तय करा दी। मुकेश ने बताया कि प्रेमिका ने उससे कहा था कि जब उसकी शादी होने लगेगी तो वह जयमाला के वक्त आकर उसकी मांग में सिंदूर भर दे, जिसके बाद हमने वही किया। पूरी घटना के बाद दूल्हा ने लड़की के साथ शादी करने से इनकार कर दिया और बिना शादी किए लौट गया। दुल्हन के परिजन का कहना है कि सनकी युवक द्वारा झूठी बात कही जा रही है। लड़की के साथ युवक का प्रेम प्रसंग नहीं चल रहा था। हरनौत थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि वरमाला के वक्त एक लड़के द्वारा लड़की की मांग में सिंदूर भरने का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद युवक को बुरी तरह से पीटा गया है। दोनों तरफ से आवेदन मिला है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लग गई है।