Aaj Ki Kiran

सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित

सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित
सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित

रुद्रपुर (सू० वि०)- जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर कृषि एवं पशुपालन उत्सव के अंतर्गत किसानों और कृषि विशेषज्ञों के मध्य एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रीष्मकालीन धान के विकल्प के रूप में मक्का एवं अन्य वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई। गोष्ठी में लगभग 120 कृषकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर. पी. सिंह ने किसानों को ग्रीष्मकालीन मक्का एवं गन्ना फसल उत्पादन से संबंधित उन्नत तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं बेहतर उत्पादन के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को जलवायु के अनुरूप फसल विविधीकरण अपनाने एवं वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विकास खण्ड जसपुर के 17, काशीपुर के 5, बाजपुर के 19, गदरपुर के 12, रुद्रपुर के 53, सितारगंज के 8 एवं खटीमा के 7 कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित भी किया गया। इससे किसानों को आधुनिक संसाधनों एवं तकनीकी सहयोग प्राप्त होगा, जिससे उनकी उत्पादकता एवं आय में सकारात्मक वृद्धि की संभावना है।

सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत आयोजित बॉलीवुड नाइट कार्यक्रम ने मेले में उपस्थित जनसमूह को मनोरंजन से सराबोर कर दिया। हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की व्यंग्यपूर्ण एवं हास्य कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। इससे पूर्व आयोजित फूलों की होली के मनमोहक आयोजन ने कार्यक्रम में पारंपरिक रंग भर दिए। तत्पश्चात उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार संकल्प खेतवाल की शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

सरस मेला न केवल ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने का माध्यम बन रहा है, बल्कि कृषि, पशुपालन एवं उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में नवाचार एवं ज्ञान के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच भी सिद्ध हो रहा है। यह आयोजन स्थानीय किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर रहा है।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत, जिला प्रोवेजन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद थे।