Aaj Ki Kiran

संत निरंकारी मिशन द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम 5 जून को

Spread the love



काशीपुर। निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन आशीर्वाद से विश्व को वैश्विक प्रदूषण एवं ग्लोबल वार्मिंग के संकट से बचाने हेतु संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा, संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संयुक्त राष्ट्र की थीम ‘बीट प्लास्टिक पोल्युशन’ के विषय अनुरूप 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जायेगा। पर्यावरण संकट के मध्य जहां प्रदूषण से निपटने हेतु समूची दुनिया एक साथ, एक मंच पर आकर खड़ी हो गयी है, ऐसे समय में संत निरंकारी मिशन के हजारों स्वयंसेवक अपनी खाकी वर्दी और संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की नीली टी-शर्ट एवं टोपी में सेवारत रहेंगे। साथ ही भक्तों और संबंधित शहरों के निवासियों के संग मिलकर प्रातः 8.30 बजे से वृक्षारोपण और स्वच्छता का मेगा अभियान चलाएंगे जिससे प्रकृति को स्वच्छ, निर्मल और सुंदर बनाया जा सके। समापन लगभग दोपहर 1.00 बजे तक हो जायेगा। काशीपुर ब्रांच के अनेक संत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नैनीताल में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी वहां पहुंचकर सेवा के कार्य को करेंगे। काशीपुर से संचालक प्रवीन अरोड़ा एवं संचालिका बहन मुन्नी चौधरी की देखरेख में दो बसों एवं निजी वाहनों से संत महात्मा नैनीताल पहुंचकर इस अवसर पर सेवा के कार्य में भाग लेंगे। यह समस्त जानकारी स्थानीय निरंकारी मीडिया प्रभारी प्रकाश खेड़ा द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *