काशीपुर। धर्मयात्रा महासंघ की बैठक गत सायं पुराना आवास विकास स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में पं. राघवेन्द्र नागर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्री अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर निर्माण के शुभारम्भ के द्वितीय वार्षिकोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाये। इस हेतु 5 अगस्त शुक्रवार को मौहल्ला किला से एक विशाल शोभा यात्रा सायं 6 बजे निकाली जाये जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुँच कर विश्राम ले, जहाँ पर कम से कम 500 दीपक जलाये जायें और प्रसाद वितरण किया जाये। नगर में मुख्य स्थानों पर ऊँ अंकित पताकायें लगाई जावें। राम भक्तों से आग्रह किया जावे कि सभी भक्तजन रात्रि में अपने व्यापार स्थल व निवास स्थान पर दीपावली पर्व की भांति प्रकाश व्यवस्था करें। साथ ही आग्रह किया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाये जा रहे अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया जाये। बैठक में मदन मोहन गोले, डीके सक्सेना एडवोकेट, क्षितिज अग्रवाल, सुभाष चन्द्र शर्मा, पार्षद मनोज जग्गा, जयप्रकाश सिंह, चुनमुन अग्रवाल, पार्षद गुरुविन्दर सिंह चण्डोक, रमन विहारी दास, पीयूष गौड़, अशोक कुमार पैगिया, योगेश विश्नोई, कृष्ण कुमार अग्रवाल एडवोकेट व डॉ. महेश अग्निहोत्री आदि मौजूद थे।