– आग की लपटों में आकर जल उठा पंडाल
बांदा। सोमवार को देहात कोतवाली अंतर्गत महोखर गांव में घर में शादी की तैयारियां चल रही थी हलवाई खाना बना रहे थे। बारात शाम को आने वाली थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई ,जिसे देखते ही लोगों में भगदड़ मच गई। किसी ने आग बुझाने की कोशिश नहीं की। जिससे दो गैस सिलेंडर फट गए और सारा खाना बर्बाद हो गया, साथ ही शादी का पंडाल भी आग में जल गया।
गांव के राजकरण सिंह की बेटी की आज शादी थी। शादी के लिए तैयारियां चल रही थी। साज सजावट का काम भी लगभग पूरा हो गया था, हलवाई बारातियों के लिए खाना बना रहे थे। अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। यह देख कर हलवाई वहां से भागने निकले। जो भी वहां आसपास था उनमें भगदड़ मच गई। किसी के द्वारा सिलेंडरों में लगी आग बुझाने की कोशिश नहीं की गई। जिससे कुछ ही देर में दो सिलेंडर फट गए। सिलेंडर फटने की आवाज से पूरा गांव दहल गया। सिलेंडर फटने के कारण शादी के पंडाल में भी आग लग गई। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस की गाडिय़ां और देहात कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। इस बारे में जानकारी देते हुए इसी गांव के निवासी अधिवक्ता राम सिंह ने बताया कि गनीमत है कि इस घटना से कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन पूरा खाना बर्बाद हो गया। साथ ही शादी का पंडाल जल जाने से घर के लोग फिर से साज सजावट में जुट गए हैं।
