-कानूनी कार्यवाही से बचने को किया निकाह इसके बाद 10 लाख रूपये व कार मांगने का आरोप
-कोर्ट के आदेश पर पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
काशीपुर। शादी का झांसा देकर धोखे से होटल में बुलाकर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने और विरोध व शिकायत पर निकाह करने तथा निकाह के बाद दस लाख रुपये की मांग कर विवाहिता को घर से निकाल देने के आरोप में पुलिस ने विवाहिता के पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया है।
विजय नगर नई बस्ती कटोराताल निवासी एक युवती ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि ग्राम नौगजा रसूलपुर तहसील स्वार जनपद रामपुर यूपी निवासी मौसेरे भाई राशिद पुत्र सलामत का उसके घर आना-जाना था। राशिद ने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा और विश्वास करने पर अनुचित लाभ उठाते हुए 20 जून 2019 को बात करने के बहाने उसे काशीपुर में बाजपुर बस स्टैंड के निकट एक होटल में बुलाया और नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उक्त घटना की शिकायत कटोराताल पुलिस चौकी में की गई तो परिजनों के समझाने पर 8 अगस्त 2019 को राशिद ने उससे निकाह कर लिया और उसके साथ विजयनगर नई बस्ती काशीपुर में किराए पर रहने लगा। आरोप है कि निकाह के एक सप्ताह बाद ही राशिद उसे उसके मायके छोड़ गया और अपने पैतृक गांव जाकर अपने परिजनों के साथ मिलकर यह कहते हुए कि मुकदमे से बचने को निकाह किया था, उसके मायके वालों से दस लाख रुपए व कार की मांग करने लगा। अदालत ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने राशिद, उसकी मां रानी, बड़े भाई आसिफ व छोटे भाई शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
