काशीपुर। वर्कशॉप के स्वामी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ वर्कशॉप में घुसकर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुंडा थाना क्षेत्र के गांव जगतपुर पट्टी निवासी तरसेम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि हल्दुआ साहू रोड पर सैनी फैब्रिकेटर के नाम से उनकी वर्कशॉप है। 11 मई की शाम लगभग
6 बजे उन्होंने अपनी वर्कशॉप बंद की और घर को चले गए। सुबह 8 बजे जब वह वापस वर्कशॉप पर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला खुला हुआ था। वर्कशॉप में बने ऑफिस का कुंडा उखड़ा था और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। वेल्डिंग का सामान, मशीन, गैस कटर सहित काफी सामान चोरी हो चुका था। वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने से पता चला कि एक व्यक्ति रात पौने नौ बजे वर्कशॉप में घुसा और रात को 12 बजे तक वर्कशॉप के अंदर ही था। उसी व्यक्ति ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया है। तरसेम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
