Aaj Ki Kiran

लोकायुक्त की कार्यवाही में चौकाने वाला खुलासाः हवलदार निकला करो़ड़पति

Spread the love


जबलपुर।  लोकायुक्त ने मंगलवार को तिलवारा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक सच्चिदानंद सिंह के घर आय से अधिक संपत्ति मामले में छापा मारा। लोकायुक्त की दो टीमें एसएएफ की सुरक्षा में शास्त्रीनगर और बरगी स्थित फार्म हाउस में पहुंची। दोनों ही स्थानों पर टीम की सर्चिंग की गई. प्रारंभिक जांच में कई प्रॉपर्टी, वाहनों के दस्तावेज, खेती संबंधी दस्तावेज, पैसे और सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। प्रारंभिक सर्चिंग में प्रधान आरक्षक के पास से बरगी हिल्स में ६ हजार वर्गफीट का मकान व प्लाट, बरगी के सुकरी में १२ एकड़ कृषि भूमि, कुछ पैसे, चार पहिया वाहन, ठेकेदारी में प्रयुक्त होने वाले हाईवा, जेसीबी, ग्रेडर मशीन, पोकलेन आदि मशीनरी मिली है।मंगलवार को हुई कार्यवाही में कुल ०४ करोड़ ३९ लाख ५६ हजार ६०० रुपए की संपत्ति प्रकाश में आई है. उक्त वाहन और संपत्ति किसके नाम पर है, इसका पता लगाने में टीम जुटी है। कार्रवाई के दौरान प्रधान आरक्षक को अटैक आ गया। उन्हें निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। लोकायुक्त एसपी संजय साहू के मुताबिक तिलवारा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक एसएन सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। लगभग पांच साल पहले मिली शिकायत की जांच के बाद अब सर्चिंग की कार्रवाई की जा रही है।
बड़ा बेटा ठेकेदार…….
प्रधान आरक्षक की पुलिस विभाग में ३३ साल से अधिक की नौकरी हो चुकी है। दो बेटों में बड़ा क्लास-१ ठेकेदार है। वहीं छोटा बेटा मेडिकल संबंधी ऑनलाइन बिजनेस से जुड़ा है। पत्नी सहित दोनों बेटे हर साल लाखों का टैक्स भरते हैं। लोकायुक्त टीम ये पता लगाने में जुटी है कि जांच में मिली संपत्ति दर्शाए गए आय के मुताबिक है या अधिक है।
रिश्तेदार ने ही की है शिकायत ……
बताते हैं कि आय से अधिक की शिकायत प्रधान आरक्षक के निकट के रिश्तेदार ने ही किया था। पूर्व में प्रधान आरक्षक की पत्नी व बेटे के साथ मिलकर उक्त रिश्तेदार ठेकेदारी का काम करते थे। पर वर्तमान में उनके बीच के संबंध अच्छे नहीं है। इसी रंजिश में रिश्तेदार ने लोकायुक्त व ईओडब्लयू में शिकायत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *