लोगों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
काशीपुर। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सवार गिर गया। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण बाइक डूब गई। गनीमत रही कि स्थानीय दुकानदारों ने युवक को डूबने से बचा लिया। हादसे के बाद लोगों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सोमवार की देर शाम आवास विकास निवासी मोहित कुमार पुत्र सुनील कुमार बाइक से घर लौट रहा था। तभी रोडवेज स्टेशन स्थित आरओबी निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में अनियंत्रित होकर वह गिर गया। इससे मोहित की बाइक गड्ढे में डूब गई, उसे दुकानदारों ने बचा लिया। सूचना पर पहंुचे कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने लापरवाही पर नगर निगम और प्रशासन पर नाराजगी व्यक्त की। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि आरओबी निर्माण के दौरान दोपहर में पेयजल लाइन टूट गई थी। तभी जल निगम व आरओबी निर्माण कर रही कम्पनी के ठेकेदारों को सूचना दी गई, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।