काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे उत्तराखण्ड राज्य में सुशासन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल ने आज यहां काशीपुर मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा में 30 लोग विभिन्न प्रदेशों से सम्मिलित हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुशासन यात्रा अब गढ़वाल मण्डल के बाद कुमाऊं में प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि चम्पावत में विधायक कैलाश गहतौड़ी द्वारा छोड़ी गई सीट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव लड़ेंगे। श्री लटवाल ने कहा कि चम्पावत विधानसभा युवाओं की विधानसभा है। जहां पर युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चुनाव लड़ाने के लिए कमर कस ली है। मुख्यमंत्री वहां से रिकॉर्डतोड़ मतों से जीतेंगे। इस मौके पर सर्वजीत सिंह, लवीश अरोरा, प्रशांत पंडित, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, राहुल पैगिया आदि मौजूद थे।