
काशीपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा है कि राज्य में डेंगू तेजी से फैल रहा है, लेकिन सरकार आंखे मूंदे हुए है। उन्होंने केदारधाम से सोना चोरी होने की घटना में सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा स्थानीय एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकसभा चुनावों में उतरेगी। माहरा ने आरोप लगाया कि मणिपुर हिंसा और विदेशी धरती पर भारतीय खिलाड़ियों के अपमान पर मोदी सरकार की चुप्पी शर्मनाक है। अग्निवीर भर्ती में हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के युवाओं के हितों से खिलवाड़ किया गया है। उत्तराखंड की आर्थिकी कमजोर हो रही है और पलायन बढ़ रहा है। माहरा ने कहा कि अनियोजित विकास के चलते पूरे देहरादून को खोद दिया गया है, जिससे जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है। इससे डेंगू तेजी से फैल रहा है। राज्य में डेंगू के 12 हजार से अधिक केस हैं। काशीपुर भी इससे अछूता नहीं है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जनपद उधमसिंहनगर और हरिद्वार में बाढ़ से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर निकाय चुनाव टालने का भी आरोप लगाया। इस दौरान जसपुर विधायक आदेश चौहान, मुशर्रफ हुसैन, राशिद फारूकी, अफसर अली, राजू छीना, शहजाद अंसारी आदि थे।
