Aaj Ki Kiran

भाजपा नेता राम मेहरोत्रा ने उठाई नगर की ज्वलंत समस्याएं

Spread the love


पत्रकार वार्ता में महायोजना में विसंगतियों, सर्किल रेट में वृ(ि और चैती मेले की दुर्दशा पर बोले राम मेहरोत्रा

काशीपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पीसीयू चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने आज शहर की समस्यायों पर बात करते हुए इनका निवारण न होने पर शासन-प्रशासन पर निशाना साधा। हालांकि कई मामलों में उन्होंने धामी सरकार की प्रशंसा भी की।
रतन रोड स्थित आरआर स्क्वायर माॅल में प्रेस काॅन्फ्रेंस के दौरान राम मेहरोत्रा ने शुरूआत में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सहकारी क्षेत्र में किये गये कार्यों की सराहना की। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सहारा ग्रुप के निवेशकों को डूबा पैसा शीघ्र मिलने की संभावना व्यक्त की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक वर्ष के कार्यकाल में किये गये जनहितैषी कार्य गिनाते हुए भाजपा नेता राम मेहरोत्रा ने मुख्यमंत्री धामी की खुलेमन से प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक चैती मेले की दुर्दशा पर दुःख जताते हुए इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मेले की नीलामी से प्रशासन को करोड़ों रुपये का राजस्व पिछले दो-तीन वर्षों से प्राप्त हो रहा है लेकिन मेला स्थल के रखरखाव पर एक पैसा भी खर्च नहीं किया जा रहा। कहा कि मेले में बारिश के दौरान व्यापारियों का काफी नुकसान होता है, जैसा कि बीते रोज शुक्रवार को भी हुआ। भाजपा नेता ने कहा कि राजस्व वसूली से मिले पैसे से मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए लेकिन नहीं किया जाता। फलतः मेले का टेंडर लेने वालों और दुकानदारों को आर्थिक क्षति हो रही है। इससे दुकानदार यहां आने से डर रहे हैं। इधर, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बनाई गई महायोजना 2041 को लेकर भी भाजपा नेता ने प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। आरोप लगाया कि बगैर किसी रायशुमारी और फिजिकल सर्वे के महायोजना का प्रारूप तैयार कर दिया गया, जिससे उसमें सिर्फ विसंगति के अलावा कुछ भी नहीं है। कहा कि इस बारे में वह मुख्यमंत्री धामी को अवगत करा चुके हैं। आवासीय इलाकों को इस महायोजना में तालाब या कामर्शियल दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि सर्किल रेट कम कराने को वे प्रयासरत हैं। जलभराव संबंधी शहर की तमाम प्रमुख समस्याओं के प्रति गंभीर  दिखे राम मेहरोत्रा ने कहा कि वे इन समस्याओं के समय रहते निवारण के लिए प्रयासरत हैं। प्रेस काॅन्फ्रेंस के दौरान ईश्वर चन्द्र गुप्ता, चौधरी समरपाल सिंह, शाहनवाज खान, अजय टंडन, अभिषेक गोयल, राजू सेठी व विपिन अरोरा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *