काशीपुर। बेमौसमी बरसात ने किसानों के साथ ही आम आदमी के लिए भी भारी परेशानी खड़ी कर दी हैं। इस बरसात से किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। अभी पिछले सप्ताह हुई बारिश ने फसल तवाह कर दी थी और बची-खुची अब इस बारिश ने खत्म कर दी। जिससे जहां एक ओर किसान दुखी है तो दूसरी ओर आम आदमी भी परेशान है कि फसल नष्ट हो जाने से बाजार में गेहूं की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी हो जायेगी। वहीं बारिश के चलते नगर क्षेत्र में मेन बाजार, रतन रोड, चीमा चैराहा, महाराणा प्रताप चैक, रोडवेज बस स्टैण्ड, पटेल नगर, स्टेशन रोड, आवास विकास, जसपुर बस स्टैण्ड, कटोराताल, मुंशीराम चैराहा, किला बाजार समेत तमाम निचले इलाकों में जलभराव से लोग परेशान दिखे। लोगों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन को नालियों की तलीझाड़ सफाई करवानी चाहिए ताकि आने वाले बरसात के दिनों में जलभराब की समस्या से न जूझना पड़े। उधर बरसात का असर चैती मेले पर भी पड़ा है। चैती मेले में बारिश से दुकानदारों के चेहरे मुरझा गये हैं। एक तो उन्हें ठेका महंगा होने के कारण दुकानें पहले से ही महंगी मिली थीं और अब सही सही कसर बारिश ने पूरी कर दी।
