
काशीपुर। द्रोण माइनर पर बाइपास निर्माण में रोड़ा बने विद्युत पोल को विभाग ने शिफ्ट कर दिया है। करीब तीन माह से पैसा जमा होने के बाद भी पोल शिफ्टिंग का काम रुका था। अब पोल शिफ्ट होने के बाद निर्माण ने गति पकड़ ली है। वर्तमान में रामनगर रोड पर आरओबी निर्माण चल रहा है। रामनगर जाने और रामनगर से काशीपुर आने वाले यातायात को डायवर्ट करने के लिए द्रोण माइनर पर बाइपास के लिए राशि स्वीकृत की थी। बाइपास रामनगर रोड पर विश्वकर्मा पेपर मिल से शुरू होकर सीधे रुद्रपुर मार्ग पर द्रोणासागर के पास खत्म होगा। पूर्व में 3.02 किमी के इस बाइपास के लिए केंद्र से 28 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई थी। टेंडर के बाद 14 फरवरी 2024 पूजन के बाद कार्य शुरू किया गया था। वहीं द्रोण बाइपास पर पोल शिफ्ट करने के लिए ऊर्जा निगम को 1.87 करोड़ जमा किए गए थे। अब काम शुरू होने के लगभग 9 माह बाद संडे बाजार से रुद्रपुर रोड तक विद्युत पोल शिफ्ट कर दिए गए हैं। जिसके बाद निर्माण में तेजी आई है।