Aaj Ki Kiran

पॉलीटेक्निक के छात्र की हत्या का एक आरोपी गिरफ्तार

Spread the love




काशीपुर। एक साल पहले हुए झगड़े व पुलिस की मुखबिरी के शक में तीन युवकों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर इनमें से एक अभियुक्त को पुलिस ने  गिरफ्तार कर लिया है। मृतक बाजपुर पॉलीटेक्निक का छात्र बताया जा रहा है।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम हेमपुर इस्माइल निवासी वीर सिंह चौधरी पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि करीब एक साल पहले उनके पुत्र योगेन्द्र चौधरी उर्फ मोनू चौधरी का अपने दोस्त देवकीनंदन उर्फ मनीष सैनी पुत्र मोहन सैनी तथा हरनेक सिंह पुत्र बलवंत सिंह से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। उसके कुछ समय बाद चुनाव के वक्त काशीपुर पुलिस ने हरनेक सिंह को तमंचे के साथ पकड़ कर जेल भेज दिया था। हरनेक सिंह को मोनू चौधरी पर शक था कि उसने ही पुलिस से मुखबिरी की है। जिसके बाद हरनेक सिंह मोनू चौधरी से रंजिश रखने लगा। बताया कि बीती 10 जून की शाम 7 बजे हरनेक सिंह, देवकीनंदन उर्फ मनीष सैनी और एक अन्य युवक मोनू चौधरी को घर से बुलाकर ले गए। जिसके बाद उन तीनों ने बहल्ला पुल के पास ले जाकर उसकी लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर हेमपुर इस्माइल निवासी देवकीनंदन उर्फ मनीष सैनी को गिरफ्तार कर लिया। वांछित अभियुक्त हरनेक सिंह तथा ग्राम उदमावाला मुरादाबाद निवासी अर्जुन सिंह पुत्र सुभाष सिंह की तलाश जारी है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में आईटीआई थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, एसआई महेश चन्द्र तथा कां. विरेन्द्र सिंह राणा, ध्यान सिंह व दीपक जोशी थे।

2 thoughts on “पॉलीटेक्निक के छात्र की हत्या का एक आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *