काशीपुर। कांग्रेस एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनुपम शर्मा ने भाजपा के एक साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार का एक साल बेमिसाल का नारा देकर खुद अपनी पीठ थपथपा रही हैं। जनता का करोड़ों रुपया पार्टी के उत्सवो में बहा रही है लेकिन हकीकत इसके ठीक उल्टी है।
अनुपम शर्मा ने कहा की क्षेत्र की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। भाजपा के नुमाइंदे प्रदेश की सड़कांे को गड्ढा मुक्त बनाने का झूठा ख्वाब दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के धाकड़ मुख्यमंत्री धामीजी ने काशीपुर के विकास के लिए विधायक व नगर निगम काशीपुर को करोड़ों रूपए तो क्षेत्र के विकास के लिए दिए होंगे, जिसका जीता-जागता सबूत बैमौसमी बरसात के कारण भीषण जलभराव के रूप में सामने है। प्रदेश में बिजली पानी की दरों में बढ़ोतरी कर सरकार ने शराब को सस्ता कर दिया तथा शिक्षा का हाल बुरा है। भाजपा नेता खुद अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं जबकि धरातल में स्थिति कुछ और है। सड़के बनने तक भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है और भर्तियां घोटालों की। प्रदेश के युवा बेरोजगार रहते हुए सड़कों की धूल फांक रहे हैं। पहाड़ों से पलायन रुक नहीं रहा है और भाजपा अपने एक साल बेमिसाल कार्यक्रम में जनता का करोड़ों रुपए पानी की तरह बहा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का 6 साल का कार्यकाल बहुत निराशाजनक रहा है आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
