नगर निगम में नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

काशीपुर। डॉ. रघुनांदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल द्वारा शहरी विकास निदेशालय के नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम काशीपुर में एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जहाँ प्रशिक्षुओं ने निगम की कार्यप्रणाली को समझा।
कार्यक्रम मेें प्रशिक्षुओं ने नगर निगम के प्रशासनिक ढांचे, स्वच्छता प्रबंधन और अपशिष्ट निस्तारण की नवीनतम तकनीकों का बारीकी से अवलोकन किया। प्रशिक्षुओं ने 10 एमएलडी प्लांट का दौरा कर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, फेकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट और को-ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान नालियों की सफाई की व्यवस्था और जन-स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर सीधे फील्ड अधिकारियों से संवाद किया। सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट ने निगम के कूड़ा कलेक्शन वाहनों में लगे छह प्रकार के डस्टबिन के माध्यम से कूड़े के पृथक्कीकरण की जानकारी साझा की। इस अवसर पर नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, एटीआई नैनीताल से पाठ्यक्रम निदेशक मनोज पाण्डेय, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
