काशीपुर। दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों पर बहू की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नवाबगंज तहसील थाना बिलासपुर जनपद रामपुर निवासी रानी पत्नी अरविन्द सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री प्रियंका का विवाह 6 मई 2018 को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार करते हुए हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही प्रियंका का पति दीपक ग्रोवर, ससुर रोशन लाल ग्रोवर व सास राजरानी विवाह में दहेज कम लाने को लेकर उसे ताने देते थे। का कि 16 अप्रैल 2019 को उसकी पुत्री ने एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के दौरान अस्पताल में जो भी खर्च हुआ वह खर्च मायके पक्ष द्वारा उठाया गया। कहा कि 4 जून 2022 को पुत्री के पति दीपक ने रात्रि करीब 4 बजे फोन पर बताया कि तुम्हारी पुत्री प्रियंका की हालत खराब है। फोन आने पर जब वह काशीपुर आने की तैयारी कर ही रही थी कि करीब 6 बजे दोबारा फोन आया कि उनकी पुत्री की मौत हो चुकी है। तहरीर में शक जताया कि ससुरालियों ने ही दहेज की खातिर उसकी पुत्री को मौत के घाट उतारा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, ससुर व सास के खिलाफ धारा 304बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।