Aaj Ki Kiran

दहेज के लिए बीबी को दिया तीन तलाक

Spread the love



-तीन लाख रूपये व बुलट बाइक मांगने का आरोप, पति सहित तीन नामजद
काशीपुर। शादी में दहेज कम लाने का ताना देते हुए विवाहिता को प्रताड़ित कर दहेज में तीन लाख रुपये नकद व एक बुलट बाइक की मांग करने और मांग पूरी न करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने तथा तीन तलाक कहकर रिश्ता खत्म कर देने के आरोप में पुलिस ने विवाहिता के पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गंगे बाबा मंदिर रोड निवासी सोनम उर्फ फरजाना पुत्री बब्बू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 जुलाई 2020 को उसकी शादी नफीस अहमद पुत्र हफीज अहमद के साथ हुई थी। आरोप है कि हैसियत के मुताबिक सामान देने के बावजूद शादी के कुछ दिन बाद सास और ससुर कहने लगे कि तुम्हारे मायके वालों को तीन लाख रुपये और देने चाहिए थे। जबकि पति नफीस कहता कि स्प्लेंडर बाइक की जगह बुलट बाइक दिलवा दे। इसी बात को लेकर उक्त लोग उसे प्रताड़ित करते हुए गालीगलौज व मारपीट करने लगे। पीड़िता ने बताया तमाम रिश्तेदारों के समझाने के बाद भी सास-ससुर व देवर अनीस और अखलाक अक्सर यह कहने लगे कि या तो इससे नकदी और बाइक मंगवाओ अन्यथा तलाक देकर घर से निकाल दो। तहरीर में कहा गया कि बीती 23 अप्रैल को उक्त लोगों ने पुनः अपनी मांग दोहराते हुए उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इस पर वह मायके आ गई। मामले को लेकर 25 मई को पंचायत हुई जिसमें उक्त लोगों ने तीन लाख रुपये नकद व बुलट बाइक के बगैर उसे ससुराल ले जाने से इंकार कर दिया और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गए। आरोप है कि शोर सुनकर मौहल्ले वालों के जमा होने पर पति नफीस ने सबके सामने उसे बोलकर तीन तलाक दे दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति नफीस तथा देवर अनीस व अखलाक के खिलाफ धारा 498ए, 323, 504, 506 आईपीसी एवं 3/4 मुस्लिम विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *