काशीपुर। कांग्रेसी नेता व उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव जितेंद्र सरस्वती ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार खनन माफियाओं के मकड़जाल में फंसी हुई है। पूरे प्रदेश में अवैध खनन माफियाओं का खुलेआम तांडव हो रहा है, राज्य सरकार खामोशी की चादर तान कर सो रही है।
कांग्रेसी नेता सरस्वती ने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड की नदियों पर आज अवैध खनन माफियाओं ने कब्जा कर लिया है। हजारों की तादाद में रात-दिन खनन माफिया नदियों का सीना चीर कर अपनी जेबों को भर रहे हैं। यह सब खुलेआम राज्य सरकार की आंखों के सामने हो रहा है, बावजूद राज्य सरकार और उसके प्रशासनिक अमले पर कोई असर नहीं होता दिखाई देता। उन्होंने कहा की इस काम में ना जाने कितने लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। अनेकों परिवार अवैध खनन के नाम पर असमय ही काल के शिकार हो रहे हैं। कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों को अवैध खनन के इस खेल का सब कुछ पता होने के बावजूद उनकी खामोशी खनन माफियाओं को संरक्षण देने की ओर इशारा करती है। रात दिन चलने वाले अवैध डम्परों के कारण सड़कों की टूटी हालात विकास का अबरु( करती है। पहाड़ के साथ-साथ तराई की नदियां पर भी अवैध खनन माफियाओं का कब्जा हो गया है। कांग्रेस उत्तराखंड राज्य के हित में सरकार की अवैध खनन विरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।