कार व टेंपो की जबरदस्त भिड़ंत में कई घायल

काशीपुर। अलीगंज रोड पर देर रात कार और टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। इस घटना में कार और टेंपो के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है।
काशीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रात लगभग 10.30 बजे अलीगंज रोड स्थित सेंट मेरी स्कूल के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर एक टेंपो और कार अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रेकर पर अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहन तेज रफ्तार में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि कार और टेंपो सवार लोग गिन्नी खेड़ा गांव जा रहे थे। हादसे के समय टेंपो में तीन लोग सवार थे, जबकि कार में दो लोग मौजूद थे। टक्कर के बाद सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय काशीपुर पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रात्रि में वाहन सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति में चलाएं।
