एसडीएम कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया पूरी, चैती मेले में दुकान व तहबाजारी का ठेका 2.63 करोड़ में छूटा

काशीपुर। 19 मार्च से शुरू होने वाले ऐतिहासिक चैती मेले के लिए शनिवार को एसडीएम कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। एसडीएम एवं मेला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्राप्त 28 निविदाओं को खोला गया। टेंडर प्रक्रिया में दुकान एवं तहबाजारी का ठेका 2 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपये में देव एंटरप्राइजेज के नाम छूटा। वहीं झूला, तमाशा व सर्कस का ठेका रामपुर की आबिद इलेक्ट्रिक वर्क्स एंड कंपनी को 1 करोड़ 72 लाख 51 हजार रुपये में मिला। इसके अलावा वाहन पार्किंग का ठेका सादिक हुसैन को 18 लाख 21 हजार 786 रुपये, विद्युत व साउंड व्यवस्था का ठेका देव एंटरप्राइजेज को 16 लाख 11 हजार 777 रुपये तथा टेंट व बैरिकेडिंग का ठेका हनुमंता ट्रेडर्स को 10 लाख 95 हजार रुपये में स्वीकृत किया गया। बताया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मेले के टेंडर से 49 लाख 8 हजार 820 रुपये की अधिक आय हुई है।
