ऊधमसिंह नगर जिले में 1464 पोलिंग बूथ बनाए

Spread the love

ऊधमसिंह नगर जिले में 1464 पोलिंग बूथ बनाए
रुद्रपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी उदयराज सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। अधिक से अधिक मतदान हो, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। बताया कि जिले में 1464 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। महिलाओं के लिए 18 पिंक बूथ और युवाओं के लिए 9 मॉडल बूथ बनाए गए हैं। जिलाधिकारी न्यायालय को नामांकन स्थल बनाया गया है। रविवार को कलेक्ट्रेट सभागर में डीएम ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेसवार्ता की। बताया कि महिलाओं के लिए अलग से पिंक बूथ बनाए गए हैं, ताकि वे आसानी से अपने मत का प्रयोग कर सकें। दिव्यांगों के लिये व्हील चेयर की व्यवस्था की जा रही है। गर्भवती, धात्री महिलाओं और 85 वर्ष से अधिक के मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। नेत्र दिव्यांगों के लिये ब्रेन बैलेट पेपर की व्यवस्था की जा रही है। कर्मचारियों के मतदान के लिये ईडीसी फार्म और पोस्टल बैलेट पेपर की व्यवस्था रहेगी। मंडी में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। बताया कि करीब 10 हजार कार्मिकों को चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 732 मतदेय स्थलों पर लाइव कास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। युवाओं के लिए सभी 9 विधानसभाओं में एक-एक मॉडल बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 29 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात रहेंगी। साथ ही अन्य राज्यों के होमगार्ड भी तैनात रहेंगे। चुनाव के लिए 21 जोन और 119 सेक्टर बनाए गए हैं। 250 से ज्यादा माइक्रो ऑब्जर्वर को तैनात किया जा रहा है। हर असेंबली सेगमेंट में तीन फ्लाइंग स्क्वाड, तीन स्टैटिक सर्विलांस टीम और तीन वीडियोग्राफी टीम नियुक्त की गई हैं। बूथों पर बिजली, पानी आदि की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा बूथों पर कर्मचारियों के लिए मेडिकल सुविधा भी रहेगी। डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी कार्य किए जा रहे हैं। चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराना लक्ष्य है। कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस बीच यदि कोई किसी प्रकार का टेंडर निकालता है, तो उसके खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई होगी। डीएम ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। इस मौके पर सीडीओ मनीष कुमार, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी, एडीएम पंकज उपाध्याय, अशोक जोशी, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के, सीओ निहारिका तोमर, एसपी सिटी मनोज कत्याल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

hello