
काशीपुर। उदयराज हिन्दू इंटर कॉलेज प्रांगण में भारत विकास परिषद ;देवभूमिद्ध महिला शाखा के तत्वाधान में आयोजित गुरु वन्दन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के तहत छात्रों द्वारा गुरुओं का उपहार भेंट कर अभिनंदन किया गया। साथ ही चरण छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता समेत महिला शाखा पदाधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया है। शाखा अध्यक्षा अनु अग्रवाल ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा संस्कार और संस्कृति से चरित्र निर्माण के साथ साथ व्यक्तित्व का विकास होता है। इस कार्य में गुरु की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्रों को अपने गुरु के प्रति सदैव आदर एवं सम्मान रखना चाहिए। प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने महिला शाखा पदाधिकारियों द्वारा आयोजित उक्त कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेजर मुनीशकांत शर्मा, रोशन लाल वर्मा, श्रवण कुमार मिश्रा, शाखा सचिव डॉ. शिखा चौहान, कोषाध्यक्ष एकता बंसल, प्राची अग्रवाल, लक्ष्मी जैन, रुचि कांडपाल, कौशलेश गुप्ता, मनोज विश्नोई, प्रमोद कुमार समेत शिक्षक व छात्र मौजूद थे।