ईरान में फंसे बेटे को वापस लाने हेतु माता-पिता ने सरकार से गुहार लगाई

काशीपुर। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे यु( के बीच फंसे बेटे को लेकर परिजनों ने सरकार से बेटे को सकुशल वतन वापस लाने की गुहार लगाई है।
बाजपुर रोड स्थित श्यामपुरम कॉलोनी निवासी विनोद कुमार सैनी ने सीएम, मेयर, तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनका बड़ा बेटा 23 वर्षीय अर्पित सैनी दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकेंड अफसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया लगभग साढ़े आठ महीने पहले उनके बेटे की नौकरी दुबई में लगी थी, तब से वह वहां रह रहा है। विनोद ने बताया मर्चेंट नेवी में होने से उनका बेटा जहाज के साथ ईरान आता-जाता रहता है। पिता व मां नीलम सैनी ने बताया लगभग एक सप्ताह पहले उनका बेटा दुबई से ईरान गया था। इसी बीच ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच यु( छिड़ गया। जिसके चलते वह ईरान में फंस गया। पिता ने बताया कि बीती 3 मार्च को बेटे अर्पित से बात हुई थी। इसके बाद कई बार संपर्क किया प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी। पिता विनोद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेयर दीपक बाली को भी पत्र देकर गुहार लगाई है कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। कहा कि संबंधित अधिकारियों से बात करके उनके बेटे को भारत वापस सुरक्षित लाने में सहयोग करें। उधर, तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि पिता की ओर से प्रार्थना मिल चुका है। इस संबंध में जिले में उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है।
