Aaj Ki Kiran

इंश्योरेंस का पैसा हड़पने हेतु किया कार चोरी कराने षड़यन्त्र, दो गिरफ्तार

Spread the love

काशीपुर। कार के इंश्योरेंस का पैसा हड़पने की नीयत से कार चोरी कराने के आपराधिक षड़यन्त्र का पर्दाफाश कर आईटीआई थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार गढ़ीनेगी निवासी लखन कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने थाना आईटीआई में सूचना दी कि 6 नवम्बर की रात्रि नागरा रिसॉर्ट जसपुर खुर्द की पार्किंग से उसकी अर्टिगा गाड़ी संख्या यूके-18 पी-7686 अज्ञात चोर द्वारा चुरा ली गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किये तो एक व्यक्ति बार-बार लखन कुमार के साथ दिखायी दिया। घटना में संदिग्धता दिखने पर लखन कुमार से उक्त व्यक्ति के बारे में पूछताछ की तो टालमटोल के बाद लखन ने बताया कि उक्त व्यक्ति ओमपाल पुत्र दुर्जन सिंह है और उसके ही गाँव का रहने वाला है। ओमपाल को तलब कर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसकी और लखन कुमार की घनिष्ठ मित्रता है। लखन कुमार ने उसे 50 हजार रुपये देने का लालच देकर स्वयं अपनी गाड़ी चोरी करने को कहा था। वहीं लखन ने बताया कि उसने उक्त अर्टिगा गाड़ी वर्ष 2022 में 8 लाख रुपये लोन लेकर खरीदी थी। अब किश्त नहीं दे पा रहा है। जिस कारण उसने ओमपाल के साथ मिलकर गाड़ी चोरी होने का षड़यन्त्र रचकर इन्श्योरेंस का पैसा हड़पने के लिये अपनी गाड़ी की चोरी की योजना बनाई। पुलिस टीम द्वारा ओमपाल के बताये अनुसार उसके साथ ग्राम असलेमपुर थाना ठाकुरद्वारा जाकर उक्त अर्टिगा गाड़ी बरामद कर ली। दोनों के खिलाफ धारा 379/411/120बी/420 आईपीसी के तहत पंजीकृत कर लखन कुमार व ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थाना इंचार्ज आशुतोष कुमार सिंह, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, कां. गिरीश कांडपाल व नीरज शुक्ला थे। उधर आईटीआई थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उक्त घटना के अनावरण में कांस्टेबल नीरज शुक्ला व गिरीश काण्डपाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उच्चाधिकारियों सेे उक्त कर्मचारियों को पुरस्कृत करने हेतु अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *