
काशीपुर। आबकारी आयुक्त उत्तराखंड व जिलाधिकारी उधमसिंह नगर द्वारा अवैध मदिरा निर्माण और बिक्री के अड्डों के समूल विनष्टिकरण के सम्बन्ध में प्रदत्त निर्देशों के क्रम में जिला आबकारी अधिकारी उधम सिंह नगर अशोक मिश्रा के नेतृत्व में गठित आबकारी अपराध निरोधक क्षेत्र काशीपुर, रुद्रपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल उधम सिंह नगर की संयुक्त दबिश टीम द्वारा काशीपुर क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ी और खाईखेड़ा में चल रहे शराब निर्माण के अवैध अड्डों को नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण कर रही चार भट्टियों को मौके पर नष्ट कर 120 लीटर अवैध कच्ची शराब की बरामदगी की गई तथा 8000 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया। इसके बाद आलू फार्म में परमजीत कौर के कब्जे से 50 पाउच कच्ची शराब के बरामद कर अभियुक्त की गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि दबिश टीम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
