Aaj Ki Kiran

आने वाले दिनों में विश्व पटल पर छाएगा उत्तराखंडः सीएम

Spread the love


देहरादून। सीएम सिंह धामी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। उत्तराखंड आने वाले समय में आर्थिक, सांस्कृतिक व धार्मिक राजधानी के रूप में विश्व पटल पर छाएगा। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सीएम संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर हाल में भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेस विधायक राजकुमार के साथ पुरोला व उत्तरकाशी क्षेत्र के सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए जो कार्य किया, उसका पूरा विश्व अनुसरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम के कुशल नेतृत्व में हमने प्रत्येक नागरिक को सकुशल स्वदेश लाने का कार्य किया है। यह सामान्य बात नहीं है। पीएम ने देश के नागरिकों के प्रति अपने कर्तव्य को निभाया है, जिससे देशवासी पिछले 70 सालों में वंचित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास में जुटी है। केंद्र का इसमें भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विधायक राजकुमार का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस के राजकुमार अब भाजपा के हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि विधायक राजकुमार और उनके समर्थकों के भाजपा में आने से पार्टी और मजबूत हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि जिस तरह से पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा सौंपने के बाद जिस तरह कांग्रेस द्वारा किए जा रहे अपमान को बयां किया, वह कांग्रेस के परिवारवाद की पराकाष्ठा को प्रमाणित करता है। पुरोला विधायक राजकुमार ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम धामी के कार्यों से प्रभावित होकर और कांग्रेस के परिवारवाद से त्रस्त होकर वह भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य देश-प्रदेश की सेवा करना है। राजनीति इसे पूरा करने का माध्यम है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा यह कार्य कर रही है। संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे विधायक राजकुमार ने कार्यालय की सीढ़ियां चढ़ने से पहले दंडवत प्रणाम किया।

One thought on “आने वाले दिनों में विश्व पटल पर छाएगा उत्तराखंडः सीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *