
काशीपुर। अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर लगभग सवा दो बजे अवतार सिंह नामक व्यक्ति द्वारा फोन पर आईटीआई थाना पुलिस को सूचना दी गई एक अज्ञात शव लोहिया पुल पर गुरुद्वारे के समीप पड़ा है। सूचना के बाद उप निरीक्षक सुरभि बौढ़ाई व अन्य पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और अज्ञात शव को निजी वाहन से मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। उप निरीक्षक ने बताया कि पंचायतनामे की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त व्यक्ति के बारे में ज्ञात हुआ है कि वह बुजुर्ग व्यक्ति आस पास के क्षेत्र में घूमता रहता था। उसके शव को देखने से प्राकृतिक मृत्यु या कमज़ोरी के कारण मृत होना प्रतीत हो रहा है।