अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को मिला ‘उमा-शक्ति सम्मान’

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तरांचल महिला एसोसिएशन (उमा) ने पीएनबी मंडल कार्यालय के सहयोग से 24वें ‘उमा-शक्ति सम्मान’ समारोह का आयोजन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष गीता धामी, मेयर सौरभ थपलियाल, संस्कृति परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, पीएनबी जोनल मैनेजर अनुपम, मंडल प्रमुख अभिनंदन सिंह, उमा अध्यक्ष साधना शर्मा और सचिव नीलिमा गर्ग ने किया। मुख्य अतिथि गीता धामी ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं निरंतर आगे बढ़ रही है। हर क्षेत्र में महिलाएं अपने अलग पहचान बना रही है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। अध्यक्ष साधना शर्मा ने बताया कि संस्था अपनी स्थापना से ही समाज सेवा में जुटी महिलाओं को सम्मानित कर रही है। इस वर्ष समाज सेवा के क्षेत्र में अरुणा चावला व वीना औलख, शिक्षा के लिए वीना जैन व नेहा, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. ऋतु गुप्ता व रोनु शर्मा, पत्रकारिता में दीपिका गौड़ और लेखन के लिए कविता विष्ट को प्रतिष्ठित को नवाजा गया। इसके साथ ही अर्चना सिंघल व संध्या जोशी को संस्थागत सम्मान प्रदान किया गया। सचिव नीलिमा गर्ग ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों की रिपोर्ट साझा की, जबकि मनीषा नेगी और साथियों के कठपुतली नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। अतिथियों ने उमा के प्रयासों की सराहना करते हुए महिलाओं को सशक्त बनने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन अर्चना शर्मा ने किया।
