अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराए भाजपा: अलका पाल

काशीपुर। भाजपा द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के लिए कांग्रेस का पुतला दहन करने पर महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अलका पाल ने पलटवार करते हुए कहा कि चोर की दाढ़ी में तिनका, वाली कहावत आज भाजपा ने साबित कर दी। भाजपा, कांग्रेस से सबूत मांग रही है जबकि कांग्रेस, भाजपा को खुला चैलेंज दे रही है कि इस हत्याकांड की सीबीआई जांच कराए जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
अलका पाल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में वास्तव में अगर भाजपा के नेता निर्दाेष हैं, तो फिर सीबीआई जांच से बचने की कोशिश क्यों? कांग्रेस का पुतला दहन करने से भाजपा महिला विरोधी सोच को दबा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड का सबसे ज्यादा शर्मसार करने वाला हत्याकांड है, जिसमें सत्ताधारी नेताओं की भागीदारी सामने आ रही है। केवल एसआईटी जांच से काम नहीं चलेगा, क्यों नहीं कराती भाजपा सरकार सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में सीबीआई जांच। अलका पाल ने कहा कि अगर सरकार न्याय नहीं दिला सकती तो कुर्सी छोड़ दे।
