हाई कोर्ट के आदेश पर मुकदमों में आरोपी अनूप अग्रवाल ने कोतवाली में दर्ज कराये बयान

काशीपुर। विभिन्न मुकदमों में आरोपी अनूप अग्रवाल ने आज माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर अपने अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराये। कोतवाली में सीओ व कोतवाली प्रभारी की मौजूदगी में जांच अधिकारी ने आरोपी अनूप अग्रवाल के बयान दर्ज किये।
बता दंे कि अनूप अग्रवाल पर बाजपुर व काशीपुर कोतवाली मे कई मुकदमे दर्ज हैं। उक्त मुकदमों में अनूप अग्रवाल अपने बयान दर्ज नहीं करा रहे थे। उच्च न्यायालय नैनीताल ने आरोपी अनूप अग्रवाल को संबंधित कोतवाली में जाकर जांच अधिकारी के सामने बयान दर्ज कराने के आदेश दिये, जिस पर आज अनूप अग्रवाल अपने अधिवक्ता आनंद रस्तोगी व अन्य लोगों के साथ बयान दर्ज कराने जांच अधिकारी के सामने पेश हुए। कोतवाली में जांच अधिकारी ने उनके बयान दर्ज किये। अनूप अग्रवाल के साथ गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे, गगन कांबोज समेत नगर के विभिन्न लोग मौजूद थे।
