हरेला पर्व पर रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर ने किया वृक्षारोपण

काशीपुर। हरेला पर्व के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर द्वारा उदयराज इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा रोटरी क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर के अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता, दीपिका गुड़िया आत्रेय, डॉ. नवप्रीत सहोता, उदय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. रवि सहोता ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का नियमित हिस्सा बनाना चाहिए। दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समाज की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें और अपने जीवन में प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लें। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं, रोटरी क्लब ऑफ कॉर्बेट काशीपुर के सदस्य तथा विद्यालय प्रबंधन ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
