काशीपुर। उत्तरी काशीपुर बहुउद्देशीय किसान सहकारी समिति के कर्मचारियों ने पांच माह से रुका वेतन दिलाए जाने की मांग को लेकर समिति परिसर में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आज चौथे दिन भी जारी रखी।
समिति कर्मचारियों ने बीते शुक्रवार को सहकारिता मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपते हुए कहा कि समिति कर्मचारियों को अक्तूबर 2022 से फरवरी 2023 तक का वेतन भुगतान नहीं किया है। समिति बीते वर्षों से हानि में है, जिसमें समिति कर्मचारियों का कोई दोष नहीं है। उक्त हानि का खामियाजा अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों को क्यों उठाना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा पांच महीने से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों व उनके परिजनों को तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान चेतावनी दी गई थी कि यदि शीघ्र वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी 14 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे समिति सदस्यों को खाद्य, बीज, कीटनाशक उपलब्ध होना मुश्किल हो जाएगा। साथ ही समिति का कार्य भी प्रभावित होगा। इसके बावजूद कोई कार्यवाही अमल में न लाये जाने पर मंगलवार से समिति परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी गई थी। पहले दिन कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित किसान जयसिंह गौतम ने मांगों को जायज बताते हुए अपना पूर्ण समर्थन दिया और कहा कि अधिकारियों को इनकी पीड़ा को देखते हुए तत्काल वेतन भुगतान करना चाहिए। हड़ताल पर बैठने वालों में बसंत कुमार पांडेय, ब्रिजेश कुमार यादव, नन्द किशोर, गोवर्धन, गन्नू सिंह, हरीश जोशी, मान सिंह, समरपाल सिंह, सचिन चैहान, अतुल कुमार सिंह, रश्मि चैधरी, रवि शंकर सैनी, पार्वती पांडेय, नवीन कुमार, कुलदीप सिंह, अक्षिता चैहान आदि तमाम लोग थे।
