लाखों की तादाद में नशे के इंजेक्शन, कैप्सूल व टेबलेट पुलिस ने की बरामद

काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 17 पेटियों में लाखों की तादाद में नशे के इंजेक्शन/कैप्सूल व टेबलेट बरामद की हैं।
आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला गत दिवस एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट, कां. दीपक जोशी व चालक कां. नागेन्द्र कुमार के साथ गश्त करते हुए बांसखेड़ा फ्लाई ओवर के पास पहुचे तो वहां पर चौकी प्रभारी पैगा एसआई जितेन्द्र कुमार, हे.कां. शेखर बनकोटी, कां. दिनेश तिवारी व दीपक प्रसाद के साथ चैकिंग करते हुए मिले। इसके बाद सभी पुलिसकर्मी मौके पर आने जाने वाले वाहनों की चैकिंग करने लगे। कुंदन रौतेला ने बताया कि शाम 4.10 बजे एक मुखबिर ने सूचना दी कि दढ़ियाल रोड फ्लाई ओवर से बाजपुर को जाने वाले नेशनल हाईवे के किनारे पुराल के नीचे काली पन्नी से ढककर कुछ नशीले इन्जेक्शन व नशीली दवाईयां गत्ते की पेटियों में रखे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां 17 पेटियां बरामद हुईं। इसके बाद सूचना देने पर सीओ दीपक सिंह व ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार व शुभम कोटनाला रुद्रपुर मौके पर आये। बरामद माल की कीमत 40 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई शंकर सिंह बिष्ट के हवाले की है।
