काशीपुर। अपने संकल्प को पूरा करते हुए श्री दुर्गा जागरण मण्डली ने नव वर्ष के प्रथम दिवस पर चैती परिसर स्थित मां भगवती बाल सुन्दरी देवी के भवन पर सवा किलो चांदी का छत्र चढ़ाया। इस दौरान माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें सैंकडों भक्त शामिल रहे।
विदित हो कि अप्रैल 2022 में श्री दुर्गा जागरण मंडली काशीपुर ने यह संकल्प लिया था कि वर्ष 2023 के प्रथम दिवस पर मां भगवती बाल सुंदरी के चैती परिसर स्थित भवन पर सवा किलो चांदी का छत्र अर्पित किया जाएगा। अपने संकल्प को पूरा करते हुए गत दिवस मां भगवती बाल सुंदरी देवी के भवन पर माता की चौकी का आयोजन किया गया। चौकी के उपरांत सवा किलो चांदी का छत्र मां बाल सुंदरी देवी के शक्तिपीठ भवन में विधि विधान से सिंहासन के ऊपर सुशोभित किया गया। इस अवसर पर मण्डली के महन्त अनिल कपूर एवं अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार छाबड़ा ने मंदिर के मुख्य पुजारी एवं प्रबंधक पण्डा विकास कुमार अग्निहोत्री समेत मंदिर के सभी सेवादारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। माता की चौकी में मंडली के विशिष्ट सदस्य सोनू अदलक्खा, स. मनीष सिंह खरबंदा, गौरव चुघ व राहुल कौशिक ने सुमधुर भजन प्रस्तुत कर उपस्थित भक्तों का मन मोह लिया। माता की चौकी में पुलिस क्षेत्राधिकारी व आईटीआई थाना इंचार्ज समेत सैंकड़ों भक्तगण उपस्थित रहे। समापन अवसर पर पण्डा विकास कुमार अग्निहोत्री द्वारा भण्डारा आयोजित किया गया।
