प्रदूषण फैलाने वाली दो फैक्ट्रियों पर प्रशासन व पीसीबी ने की कड़ी कार्रवाई

काशीपुर। प्रदूषण फैलाने वाली दो फैक्ट्रियों पर प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ;पीसीबीद्ध ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच में बैट्री बनाने वाली प्राइम टैक लीड रिसाइकिलिंग इंडस्ट्री के पास संचालन करने की अनुमति नहीं मिलने पर सील कर दिया गया। वहीं, ऊषा प्लाईवुड फैक्ट्री को प्रदूषण फैलाने पर नोटिस जारी किया गया है।
तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि शनिवार को किसी के द्वारा फेसबुक पर महुआखेड़ा गंज में प्रदूषण फैलने और हरे रंग की बूंदे घरों में गिरने की पोस्ट डाली गई थी। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने इसका त्वरित संज्ञान लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम को उनके नेतृत्व में जांच के आदेश दिए। आदेश और शिकायत के आधार पर टीम ऊषा प्लाईवुड फैक्ट्री में पहुंची तो पाया कि फैक्ट्री में किसी नई मशीन का ट्रायल चल रहा था। उसी के कारण पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा था। जिस पर प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा पुरानी बैट्री की रिसाइक्लिंग करने वाली प्राइम टैक लीड रिसाइकिलिंग इंडस्ट्री की जांच की तो पाया कि उनके पास न तो एनओसी थी और न ही फैक्ट्री संचालित करने की अनुमति। नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अवर अभियंता दिलावर अली, पटवारी अकरम सैफी, नीरज कठैत शामिल रहे।
