नगर निगम ने वार्ड-40 में नाले से अतिक्रमण हटाकर चलाया स्वच्छता अभियान

काशीपुर। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे व्यापक स्वच्छता अभियान के तहत आज वार्ड नंबर 40 में सफाई अभियान चलाया गया।
नगर निगम के सफाई निरीक्षक डॉ. मनोज बिष्ट ने बताया कि यह अभियान महापौर दीपक बाली के सख्त निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। आज सुबह से उनकी टीम ने वार्ड नंबर 40 में सफाई अभियान शुरू किया। सफाई के दौरान जब नालियों की गहराई से सफाई की गई तो यह सामने आया कि कई स्थानों पर लोगों द्वारा नालियों को पूरी तरह ढकने के लिए भारी स्लैब डाल दी गई हैं, जिसके नीचे सीवर पाइप निकाल दिए गए हैं। इससे न केवल नालियों की नियमित सफाई में बाधा आ रही थी, बल्कि गंदगी जमा होने से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा था। डॉ. मनोज बिष्ट ने मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नालियों पर इस तरह की भारी स्लैब डालना नियमों के विरु( है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्लैब के स्थान पर लोहे के जाल लगाए जाएं, ताकि नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को नालियों की सफाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पानी का बहाव सुचारू बना रहे। नगर निगम टीम ने अभियान के दौरान नालियों की गहराई से सफाई की और स्लैब हटाकर अवरोधों को दूर किया। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और नियमों का पालन कर नगर को साफ और स्वस्थ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
