काशीपुर। काशीपुर की ऐतिहासिक विरासत द्रोणासागर की स्थिति सुधारने के लिए काम तेज कर दिया गया है। वहीं तीर्थस्थल पर सोमवार को एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने केडीएफ प्रतिनिधिमंडल के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में अराजक तत्वों के बैठने की शिकायत पर एसडीएम ने जल्द यहां सीसीटीवी लगवाने की बात कही। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने तीर्थ द्रोणसागर में साफ-सफाई व निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया द्रोणसागर में कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। केडीएफ प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राजीव घई ने एसडीएम से कहा कि परिसर के अंदर व बाहर अराजक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है। इस दौरान उन्होंने द्रोण सागर में जल्द पानी भरवाने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि सफाई कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। जल्द पानी भरवाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा। इस मौके पर एडवोकेट वीपी बाठला व चक्रेश जैन आदि मौजूद रहे।
