तीन दुकानों मंे लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख

काशीपुर। महाराणा प्रताप चौक के निकट जेल रोड स्थित तीन दुकानें भीषण अग्निकांड में जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। मेयर व अन्य जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को सांत्वना दी।
महाराणा प्रताप चौक के निकट पुराना आवास विकास निवासी व्यापारी अनिल शर्मा की टायर पंक्चर और साइकिल रिपेयरिंग की दुकानों में आज सुबह करीब सवा छह बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बराबर में शहजाद की फल की दुकान को भी आग नेे अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में तीन दुकानों में भयंकर आग लग गयी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच दुकानों में रखे टायर, मशीनें, फल और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। तहसीलदार पंकज चंदोला ने भी मौका मुआयना किया। बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यापारी अनिल शर्मा आज तड़के अपनी बहन की मौत की खबर सुनकर गाजियाबाद के लिए निकले थे। वह रास्ते में ही थे कि दुकानों में आग लगने की सूचना मिलते ही वापस आ गये। अनिल शर्मा के अनुसार उनका करीब चार-पांच लाख रूपये का नुकसान हुआ है।
उधर अग्निकांड की सूचना मिलने पर महापौर दीपक बाली मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। महापौर ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी। इस दौरान उन्होंने मानवीय पहल करते हुए अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की निजी सहायता देने की भी घोषणा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पटवारी रोहित शर्मा को भी नुकसान की सूची तैयार कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
वहीं महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अलका पाल ने भी मौके पर पहुंचकर सरकार से पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की। पीड़ित दुकानदारों को विश्वास दिलाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस संकट की घड़ी में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरूण चौहान, एडवोकेट हरीश कुमार सिंह, विमल गुड़िया, महेंद्र लोहिया, जितेंद्र सरस्वती, चंद्रभूषण डोभाल, इलियास महागीर, खैराती लाल आदि उपस्थित रहे।
