गोष्ठी में किसानों को दी गन्ने की फसल की जानकारी

काशीपुर। गन्ना विकास परिषद काशीपुर द्वारा काशीपुर परिक्षेत्र के ग्राम मढ़ैयादेवी में आयोजित एक दिवसीय कृषक चौपाल को संबोधित करते हुए गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार ने गन्ने की बुवाई जैसे विषय में किसानों को अवगत कराया।
नीलेश कुमार ने बताया कि गन्ने की कृषि में गहराई तथा दूरी का बहुत महत्व है। अतः किसान बंधु इसका पालन करें। गहराई में गूल खोलकर गन्ने की बुवाई करें तथा दूरी बनाए रखें जिससे कि गन्ने को फैलाव में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि गन्ना बुवाई के समय गन्ना किसान अपने खेत की अच्छी सी तैयारी करके ही गन्ने की बुवाई प्रारंभ करें। जिन गन्ना किसानों को गन्ना की बुवाई करनी है वह उत्तम बीज का चुनाव करें। प्रत्येक गन्ना कृषक अपने खेत का निरीक्षण करे तथा जो भी बीमारी के लक्षण उसमें पाए जाएं उसका फोटो लेकर गन्ना शोध केंद्र के वैज्ञानिकों को प्रेषित करें जिससे कि उसे फोन पर ही तत्काल सहायता उपलब्ध कर दी जाएगी। गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा कीट एवं रोग प्रबंधन के विषय में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस बैठक में गन्ना विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक मौजूद रहे।
