काशीपुर। हाथों पर मेंहदी लगाने का कार्य करने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया और शादी की बात करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत एक मौहल्ला निवासी युवती ने एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह करीब चार वर्ष पूर्व मुख्य बाजार स्थित कपड़े की दुकान पर काम करती थी। दुकान के सामने ही चबूतरे पर मौहल्ला महेशपुरा निवासी सुमित सुनील उर्फ सुमित कुमार पुत्र मोहन लाल मेहंदी लगाने का कार्य करता था। आरोप है कि सुमित ने युवती से जान पहचान बढ़ाई तथा स्वयं को अविवाहित बताकर शादी करने का प्रस्ताव रखा और फिर करीब चार वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का आरोप है कि शादी को कहने पर वह गृहस्थी का सारा सामान खरीदकर उसे मौहल्ला महेशपुरा स्थित मकान में ले गया, किन्तु शादी नहीं की। शादी को कहने पर उसके साथ मारपीट करते हुए मकान से निकालने की धमकी दी जाने लगी। यही नहीं 2 नवम्बर 2021 को उसे मकान से निकाल भी दिया। आरोप है कि गर्भवती होने पर सुमित ने उसका गर्भपात भी कराया। इस बाबत पुलिस में कोई सुनवाई न होने पर उसने कोर्ट की शरण ली। मामले का संज्ञान लेते कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिये। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 323, 506 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
