उर्वशी दत्त बाली की पहल से अनाथ बच्चों को मिलेगा आत्मविश्वास और सीखने का मंच

काशीपुर। गुरुकुल फाउंडेशन द्वारा अनाथ बच्चों के लिए एक सराहनीय और अनोखी पहल की शुरुआत की गई है, जिसमें डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर उर्वशी दत्त बाली की अहम भूमिका रही है।
इस कार्यक्रम के तहत गुरुकुल स्कूल में महीने में एक दिन इन बच्चों को आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे अन्य विद्यार्थियों के साथ मिलकर विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में कंप्यूटर, पेंटिंग और अन्य स्किल-बेस्ड गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया जाएगा। साथ ही, नियमित प्रतियोगिताओं के जरिए उनमें उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि श्रीमती उर्वशी दत्त बाली के प्रयासों से ही इस पहल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी समर्थन मिल रहा है। यूनाइटेड किंगडम की यूनिवर्सिटी आफ आॅक्सफोर्ड के डिपार्टमेंट आॅफ एजुकेशन से जुड़े स्काॅलर एवं यश फाउंडेशन इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर तेजस डोगरा भी इस अभियान से जुड़े हैं। गुरुकुल फाउंडेशन की प्रिंसिपल मीनल वडावर तथा डायरेक्टर वसुधा कपूर और नीरज कपूर के नेतृत्व में यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रही है। कुल मिलाकर, डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर उर्वशी दत्त बाली के दिन रात किए जा रहे प्रयासों के चलते यह पहल न केवल शिक्षा के आदान-प्रदान तक सीमित है, बल्कि मानवीय मूल्यों, सहयोग और एक सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हो रही है।
