ई-रिक्शाओं के कारण नगर में लग रहा भारी जाम

काशीपुर। नगर में यातायात का बढ़ता दवाब और ई-रिक्शा-टेंपो चालकों की मनमानी आम जनता साथ ही पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। पुलिस- शासन के तय किए नियमों को ताक पर रखकर ई-रिक्शा और टेंपो चालक निर्धारित रूटों के बजाय मनमाने रास्तों पर दौड़ रहे हैं। मेन बाजार, रतन सिनेमा रोड पर इन रिक्शाओं से लगातार जाम बना रहता है। प्रशासन की सख्ती के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। काशीपुर के मुख्य चौराहे और मार्ग दिन-रात ई-रिक्शा और टेंपो से घिरे रहते हैं। रात में ई-रिक्शा चालक मनमाने रेट पर सवारी लेते हैं। रात के समय भारी वाहन शहर से गुजरते हैं तो गलत दिशा में चल रहे ई-रिक्शा के इनकी चपेट में आने का भय बना रहता है, जिससे ई-रिक्शा चालक के साथ-साथ उसमें बैठी सवारी को भी खतरा रहता है। पुलिस को अब इन मामलों को लेकर सख्ती करने की आवश्यकता है जिससे यातायात को कंट्रोल किया जा सके और हादसों में कमी आए।
