अटरिया मेले में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

रुद्रपुर। प्राचीन अटरिया मंदिर में चल रहे मेले में इस बार श्रद्धा और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिला। इस बार हनुमान जयंती पर मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। भक्तों ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर में 51 किलो के लड्डू का भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मेले में लगाए गए झूले और श्मौत का कुआंश् विशेष आकर्षण का केंद्र बने। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने झूलों का आनंद लिया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन की निगरानी में मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में शांति और सुव्यवस्था बनी हुई है। हनुमान जयंती पर भजन संध्या भी आयोजित की गई थी। कलाकारों ने सुंदर भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
