काशीपुर। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी शैलेंद्र कुमार मिश्रा के छोटे भाई प्रशांत मिश्रा का बाजपुर रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही शुक्रवार सायं निधन हो गया। उधर नगर के तमाम लोगों ने प्रशांत मिश्रा के आवास पर पहुंचकर दुखित परिवारजनों को सांत्वना दी। कटोराताल क्षेत्रान्तर्गत मौहल्ला पक्काकोट निवासी 54 वर्षीय प्रशांत मिश्रा पुत्र स्व. जगदीश मिश्रा आईजीएल फैक्ट्री के बाॅटलिंग प्लांट में आॅपरेटर के पद पर कार्यरत थे। रोजाना की तरह शुक्रवार सायं वह बाइक पर सवार होकर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बाजपुर रोड पर फायर स्टेशन के समीप सामने से आती एक महिला को बचाने के दौरान पीछे से आ रहे किसी वाहन ने बाइक को ंअपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में मौके पर ही प्रशांत की मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। घटना की सूचना जैसे ही परिवार वालों को मिली, परिवार में दुख की लहर दौड़ गई। प्रशांत मिश्रा के आकस्मिक निधन पर क्षेत्र के तमाम सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही काशीपुर बार एसोसिएशन, काशीपुर मीडिया सेंटर एवं लायंस क्लबों ने शोक व्यक्त करते हुए परम पिता परमेश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मृतक प्रशांत के दो पुत्र हैं। इनमें एक कक्षा 12 व दूसरा 9वीं का छात्र है।
